मथुरा (उप्र), 18 मार्च (भाषा) मथुरा जिले में बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की कथित तौर पर गंड़ासे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को शक था कि उसका छोटा भाई उसकी पत्नी को गलत नजर से देखता था। उसने बताया कि घटना के बाद से आरोपी और उसकी पत्नी फरार है।
गोवर्धन क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात मगोर्रा थाना क्षेत्र की सौंख पुलिस चौकी इलाके के अहमल गांव में हुई। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक रात 10 बजे के करीब मजदूरी कर घर लौटे पति मेघश्याम सिंह से उसकी पत्नी दुर्गेश ने शिकायत की थी कि उसका छोटा भाई निरंजन (35) उस पर बुरी नजर रखता है।
सिंह ने बताया कि इससे आक्रोशित मेघश्याम ने कमरे से लेकर आया और खाट पर बैठकर खाना खा रहे भाई पर पर ताबड़-तोड़ हमले करने लगा। उसने निरंजन की उसकी गर्दन, कान व हाथों पर कई वार किए। निरंजन की गर्दन कटकर एक ओर लटक गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिंह ने बताया कि मेघश्याम ने बीच-बचाव में आई मां लौंगा देवी पर भी हमले किये जिससे वह घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मेघश्याम पत्नी के साथ फरार हो गया।
सिंह ने बताया कि दोनों भाईयों का विवाह आठ साल पूर्व निकटवर्ती राजस्थान के भरतपुर जनपद की दो सगी बहनों दुर्गेश व पूजा के साथ हुआ था। लेकिन दोनों ही भाईयों व बहिनों में हमेशा अनबन रहती थी और इसी वजह से पूजा पिछले साल से मायके में ही रह रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंह ने बताया कि इस मामले में मेघश्याम सिंह और उसकी पत्नी दुर्गेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा सं जफर शोभना धीरज
धीरज