बरेली केंद्रीय कारागार से फरार हुआ कैदी, सात कर्मचारी निलंबित

बरेली केंद्रीय कारागार से फरार हुआ कैदी, सात कर्मचारी निलंबित

बरेली केंद्रीय कारागार से फरार हुआ कैदी, सात कर्मचारी निलंबित
Modified Date: June 22, 2026 / 04:51 pm IST
Published Date: June 22, 2026 4:51 pm IST

बरेली (उप्र), 22 जून (भाषा) बरेली जिले के इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से सोमवार दोपहर उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी फरार हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में सात कर्मचारियों को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया।

कारागार के सूत्रों ने यहां बताया कि अमरोहा का रहने वाला दिनेश नामक कैदी उम्रकैद की सजा के तहत पिछले छह वर्षों से बरेली केंद्रीय कारागार में बंद था। उन्होंने बताया कि दिनेश को खेत में काम कराने के लिये जेल की मुख्य चहारदीवारी से बाहर ले जाया गया था और इसी दौरान वह जेलकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिये।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस सर्विलांस, स्थानीय नेटवर्क और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से फरार कैदी की तलाश में जुटी है और आसपास के जिलों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है।

बरेली केंद्रीय कारागार के सूत्रों ने बताया कि जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अविनाश ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए जेल वार्डन विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, मुकेश कुमार और मोहित कुमार को निलंबित कर दिया है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय कुमार और यशपाल के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

सूत्रों ने बताया कि जेल प्रशासन ने पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं. सलीम धीरज

धीरज


लेखक के बारे में