सोनभद्र में महिला और बच्ची की मौत पर दो अस्पतालों के खिलाफ जांच समिति गठित

Ads

सोनभद्र में महिला और बच्ची की मौत पर दो अस्पतालों के खिलाफ जांच समिति गठित

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 09:39 PM IST

सोनभद्र (उप्र), पांच सितंबर (भाषा) सोनभद्र जिले में दो निजी अस्पतालों में उपचार के दौरान एक महिला और एक बच्ची की मौत के अलग-अलग मामलों में चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने दो सदस्यीय समिति गठित की है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को बताया कि स्थानीय नेशनल हॉस्पिटल में दो वर्षीय बच्ची शगुन और जीवनदीप हॉस्पिटल में रविता (27) की प्रसव के बाद मौत का मामला संज्ञान में आया था।

आरोपों को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति को दो दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार जांच समिति ने नेशनल हॉस्पिटल पहुंचकर बच्ची की मौत से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल में मौजूद संबंधित चिकित्सक का बयान भी दर्ज किया गया है और उपचार संबंधी दस्तावेजों व अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

बयान के अनुसार महिला की मौत से जुड़े दूसरे मामले में भी उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द शफीक

शफीक