कांग्रेस और सपा के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ रोष का प्रतीक है जनाक्रोश पदयात्रा: योगी आदित्यनाथ

कांग्रेस और सपा के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ रोष का प्रतीक है जनाक्रोश पदयात्रा: योगी आदित्यनाथ

कांग्रेस और सपा के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ रोष का प्रतीक है जनाक्रोश पदयात्रा: योगी आदित्यनाथ
Modified Date: April 21, 2026 / 12:21 pm IST
Published Date: April 21, 2026 12:21 pm IST

लखनऊ, 21 अप्रैल (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत अन्य विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने में रुकावट डालने का आरोप लगाते हुए लखनऊ में मंगलवार को ‘जनाक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली।

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास से शुरू हुई यह यात्रा विधान भवन पर समाप्त हुई। जहां अपने संबोधन में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, ‘आज, हमारी बहनों के नेतृत्व में लखनऊ में ‘जनाक्रोश मार्च’ निकाला जा रहा है। यह मार्च देश में, विशेष रूप से ‘आधी आबादी’ के बीच, कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ व्याप्त रोष का प्रतीक है।”

पांच, कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से यह जनाक्रोश पदयात्रा शुरू हुई जिसमें मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत प्रमुख नेता शामिल हुए। यात्रा में योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल हुए।

इस मार्च में राज्य सरकार की मंत्री गुलाब देवी, रजनी तिवारी, प्रतिभा शुक्‍ला के अलावा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्‍यक्ष बबीता चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव व चारू चौधरी तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्‍यक्ष गीता शाक्य एवं महामंत्री प्रियंका सिंह रावत भी प्रमुख रूप से शामिल थीं।

पदयात्रा में राज्य सरकार में मंत्री और भाजपा के सहयोगी दलों के नेता आशीष पटेल व ओमप्रकाश राजभर समेत कई नेता शामिल हुए।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने पदयात्रा शुरू करते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे दिए।

योगी ने कहा कि यह आक्रोश कांग्रेस और सपा समेत विपक्षी दलों के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ देश भर में है। उन्होंने कहा कि खासतौर से आधी आबादी के मन में यह आक्रोश है और लखनऊ में हजारों की संख्या में बहनें इसमें शामिल हुई हैं।

आक्रोश मार्च में शामिल लोग सपा-कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस पदयात्रा में भाजपा सरकार के मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ ही सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी संविधान संशोधन विधेयक पर कांग्रेस-सपा के रुख के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित कर रही थी।

भाजपा की महिला पदाधिकारियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में नारे लिखी तख्तियां थीं।

यात्रा के समापर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”आज लखनऊ में मातृशक्ति द्वारा आक्रोश प्रकट किया गया और आप सबको आश्‍वस्‍त कर रहा हूं कि प्रदेश का एक-एक बच्चा उनकी जायज मांग का समर्थन करने के लिए खड़ा है।”

योगी ने कहा, ”कांग्रेस हो या सपा, इनका चेहरा अलोकतांत्रिक है, महिला विरोधी है, मोदी जी ने इन्हें अपनी महिला विरोधी छवि को समाप्त करने का जो विकल्प दिया, उसका भी इन लोगों ने दुरुपयोग किया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ”देश भर में विपक्षी ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन के महिला विरोधी आाचरण के विरोध में सड़कों पर महिलाओं का आंदोलन हो रहा है। इतनी भीषण गर्मी के बावजूद इतनी बड़ी भीड़ प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी की नीतियों के प्रति समर्थन का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा, ‘आज, हमारी बहनों के नेतृत्व में लखनऊ में ‘जनाक्रोश मार्च’ निकाला जा रहा है। यह मार्च देश में, विशेष रूप से ‘आधी आबादी’ के बीच, कांग्रेस, सपा, टीएमसी और द्रमुक के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ व्याप्त रोष का प्रतीक है।”

योगी ने कहा कि कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि देश में सिर्फ चार जातियां हैं, जिनमें पहली महिला, दूसरा गरीब, युवा और फिर किसान हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों को इन्‍हीं चार वर्ग के इर्द गिर्द केंद्रित किया है।

उन्होंने कहा कि देश के अंदर समाज के अलग-अलग तबके के उत्थान के लिए चलने वाली योजनाओं का केन्द्र आधी आबादी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ हो, मातृ वंदना योजना हो, चाहे देश के अंदर उज्‍ज्‍वला योजना हो, पीएम आवास योजना और अन्य कार्यक्रम हों, ये सभी योजनाएं प्रधानमंत्री मोदी ने आधी आबादी, गरीब, नौजवान और किसान को केन्द्र में रखकर बनाई हैं।

योगी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल स्वच्छता ही नहीं, नारी गरिमा का भी प्रतीक है। उन्होंने सिलसिलेवार योजनाएं गिनाते हुए कहा कि हम सब जानते हैं कि आयुष्‍मान भारत की योजना परिवार को स्वावलंबन के पथ पर अग्रसर बनने का माध्यम बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकारें लगातार काम कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन के लोग हर योजना का विरोध करते हैं।

योगी ने कहा, ”सब जानते हैं कि यह प्रयास लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसद आरक्षण 2029 से ही लागू करने का प्रयास था, लेकिन प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के आश्वासन के बावजूद विपक्ष का यह आचरण नारी गरिमा के प्रतिकूल है।”

उन्होंने कहा कि इसलिए आज देश भर में महिलाएं कांग्रेस, सपा और उनके सहयोगी दलों के खिलाफ सड़कों पर आकर जनाक्रोश यात्रा में भागीदार बनी हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इस मौके पर कहा कि नारी का उत्थान और सम्मान ही भाजपा और राजग (राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की पहचान है, जबकि विपक्षी दलों ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को कुचलने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि जब-जब महिलाओं को सशक्त करने की बात आई, तब-तब कांग्रेस, सपा जैसे विपक्षी दलों ने अपने संकीर्ण राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी।

भाषा आनन्द मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में