लखनऊ में ईंधन बचाने के लिए न्यायिक अधिकारी साइकिल से पहुंचे अदालत
लखनऊ में ईंधन बचाने के लिए न्यायिक अधिकारी साइकिल से पहुंचे अदालत
लखनऊ, 22 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद शुक्रवार को यहां जिला एवं सत्र न्यायाधीश मलखान सिंह समेत कई न्यायिक अधिकारी साइकिल से अदालत पहुंचे।
कार्यालय जाने से पहले जिला एवं सत्र न्यायाधीश मलखान सिंह ने ‘पीटीआई- वीडियो’ से कहा, ‘‘मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तेल संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्र हित में नागरिकों से ईंधन बचाने की अपील की है।’’
उन्होंने बताया,‘‘हम आज साइकिल से अदालत जा रहे हैं। जो अधिकारी साइकिल चलाने में असमर्थ हैं, वे ई-रिक्शा से जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, हम हर कार्यदिवस पर वाहनों का साझा करने और हर शनिवार को ई-रिक्शा या साइकिल से अदालत जाने का संकल्प लेते हैं।”
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ के न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि सभी न्यायिक अधिकारियों के लिए सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल से अदालत जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह न केवल एक पहल है, बल्कि न्यायिक अधिकारियों के लिए एक अच्छा संदेश भी है। राष्ट्रहित सर्वोपरि है, इसलिए यह जरूरी है।’’
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


