कौशांबी:गोकशी का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Ads

कौशांबी:गोकशी का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 01:38 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 01:38 PM IST

कौशांबी (उप्र), 19 जुलाई (भाषा) कौशांबी जिले की चरवा थाना पुलिस ने गोकशी की घटना के आरोपी एवं एक इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि चरवा पुलिस टीम को शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी की घटना का आरोपी मोइनुद्दीन उर्फ इरफान काजू चौराहा से मलाक नगर जाने वाले रास्ते पर एक बाग के पास मौजूद है।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने उस स्थान की घेराबंदी की, अपने आप को पुलिस टीम से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी मोइनुद्दीन उर्फ इरफान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो खोखे, कारतूस आदि बरामद किए।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने चरवा थाना क्षेत्र के एक बाग में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। उसने गौकशी की अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात कबूल की। सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द रंजन शोभना

शोभना