किन्नर ने ‘नेग’ से कमाये 85 लाख रुपयों से बनवाया शिव मंदिर
किन्नर ने ‘नेग’ से कमाये 85 लाख रुपयों से बनवाया शिव मंदिर
गोरखपुर (उप्र), 21 अप्रैल (भाषा) गोरखपुर में एक बुजुर्ग किन्नर ने भक्ति और समाज सेवा की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए मांगलिक अवसरों पर मिलने वाले ‘नेग’ के जरिए कमाये गए 85 लाख रुपयों से पडरी बाजार में एक शिव मंदिर का निर्माण कराया है।
किन्नर गुरु प्रेमा ने कहा कि मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 24 अप्रैल को होगी, जिसकी तैयारियां जारी हैं और इसे लेकर स्थानीय लोग भी उत्साहित हैं।
इस भव्य मंदिर के निर्माण की बात सुनकर आस-पास के इलाकों के लोग पडरी बाजार आ रहे हैं और इस कोशिश की तारीफ़ कर रहे हैं।
पिछले लगभग छह दशकों से इस इलाके में रह रही प्रेमा ने कहा कि मंदिर बनवाने के पीछे उनका मकसद लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा, “जब लोग पूजा करते हैं, तो वे नेकी के रास्ते पर चलते हैं। जो लोग सही रास्ते पर चलते हैं, वे एक मजबूत देश बनाने में योगदान देते हैं।”
प्रेमा ने कहा, ‘मैंने नेग और दूसरे संसाधनों से मिले करीब 85 लाख रुपये के तौर पर अपनी जिंदगी भर की कमाई इस मंदिर के निर्माण के लिए इस्तेमाल की है।’
स्थानीय लोगों ने बताया कि किन्नर गुरु प्रेमा अन्य सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हैं, जिनमें सड़क बनाने के लिए धन देना और जरूरतमंद लड़कियों की शादियों में मदद करना भी शामिल है।
खेती और शादियों तथा बच्चे के जन्म के समय पारंपरिक ‘बधाई’ जमा करके अपना गुजारा करने वाली प्रेमा ने अपनी कमाई का इस्तेमाल लगातार समाज की भलाई के लिए किया है।
प्रेमा ने कहा कि सभी धर्मों का बराबर सम्मान होना चाहिए।
भाषा सं सलीम अमित
अमित

Facebook


