लखीमपुर खीरी। Lakhimpur Kheri Violence: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में अंबेडकर जयंती के मौके पर मंगलवार शाम अचानक बवाल हो गया। बांकेगंज क्षेत्र के गांव मोतीपुर में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद उपजा विवाद हिंसा में तब्दील हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस पर पथराव किया। खदेड़े जाने पर हिंसक भीड़ ने सीओ गोला को दौड़ा लिया और उनकी व नायब तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर आगजनी की गई। घटना में कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव में कई वर्षों से खाली पड़ी बौद्ध विहार की भूमि पर अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रतिमा स्थापित की जानी थी। दोपहर में भंडारे के दौरान ग्राम प्रधान वीरेंद्र गौतम की मौजूदगी में कार्यक्रम चल रहा था। प्रधान के जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रतिमा स्थापित कर दी और रैली में शामिल होने चले गए, जबकि मौके पर महिलाएं मौजूद रहीं। शाम करीब चार बजे बांकेगंज की रहने वाली चंदा देवी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और बिना अनुमति प्रतिमा स्थापना का विरोध किया। उन्होंने जमीन पर अपना दावा जताते हुए निर्माण कार्य शुरू करवाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस ने प्रतिमा हटवाने की कोशिश की, जिससे महिलाओं और पुलिस के बीच छीना-झपटी शुरू हो गई और इसी अफरातफरी में प्रतिमा टूट गई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिमा को बचाने की कोशिश कर रहीं महिलाओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे लोग और भड़क उठे। आक्रोशित भीड़ ने चंदा देवी की पिटाई कर दी, जिन्हें पुलिस ने घेरा बनाकर किसी तरह बचाया। इसके बाद स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई। भीड़ ने सीओ गोला रमेश तिवारी और राजस्व अधिकारियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर उन्हें सड़क पर पलट दिया। नायब तहसीलदार की टाटा सूमो और एक पुलिस वाहन में आग भी लगा दी गई।
Visuals from Lakhimpur Kheri in Uttar Pradesh. A mob could be seen attacking and vandalising a government vehicle in the middle of the road. All this following dispute over installation of BR Ambedkar statue. https://t.co/1YVnfFPaQJ pic.twitter.com/uAQG5QeSYA
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) April 14, 2026
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने बताया कि एक ही समाज के लोगों के बीच हुई इस घटना का फायदा कुछ अराजक तत्व उठाना चाह रहे थे। ये लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है। पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त रिजर्व पुलिस बल तैनात किया गया है।