साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा की शराब और गांजा बरामद, तीन लोग गिरफ्तार
साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा की शराब और गांजा बरामद, तीन लोग गिरफ्तार
चंदौली (उप्र), 24 जून (भाषा) चंदौली जिले में पुलिस और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अलग-अलग कार्रवाई में क्रमश: ट्रक में अवैध रूप से ले जायी जा रही दो करोड़ 30 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और सवा करोड़ रुपये का गांजा बरामद करके तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को बताया कि मुगलसराय कोतवाली की पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने औद्योगिक नगर चौकी इलाके में मिल्कीपुर-ताहिरपुर मार्ग पर मंगलवार को नियमित निरीक्षण के दौरान एक ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से आलू की बोरियों के बीच छुपाकर रखी गयी अंग्रेजी शराब मिली।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब करीब दो करोड़ 30 लाख रुपये की बतायी जाती है।
पटेल ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किये गये जम्मू निवासी ट्रक चालक जाबिर ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि वह यह शराब चंदौली के रास्ते पंजाब से बिहार ले जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में मुगलसराय थाना क्षेत्र में पुलिस तथा एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने सूचना मिलने पर मंगलवार रात कटारिया अंडरपास के पास घेराबंदी कर बिहार के सुरेंद्र सिंह यादव (30) तथा राजकुमार यादव (28) पकड़ा और उनके कब्जे से सवा करोड़ रुपये मूल्य का 501.3 किलोग्राम गांजा तथा दो मोबाइल फोन बरामद किये।
पटेल ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि वे छत्तीसगढ़ से माल ढुलाई के बहाने ट्रक लेकर निकले थे और फिर उड़ीसा में गांजा खरीदकर उसे ट्रक पर लादे गये लोहे के सामान के बीच छुपा दिया था।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इन तस्करों ने बताया है कि गांजे की यह खेप बिहार तथा पूर्वांचल के कुछ जिलों में खपाने की योजना थी।
उन्होंने बताया कि दोनों ही मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


