भारतीय रोइंग टीम में असंतोष, तूफान दुजुआन का खतरा और डोपिंग का पहला मामला

Ads

भारतीय रोइंग टीम में असंतोष, तूफान दुजुआन का खतरा और डोपिंग का पहला मामला

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 10:02 PM IST

(फिलेम दीपक सिंह)

नागोया, 21 सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों में भारत के रोइंग शिविर में असंतोष पनप रहा है, क्योंकि कुछ खिलाड़ियों का दावा है कि उन्हें उन स्पर्धाओं से हटा दिया गया है जिनके लिए उन्हें मूल रूप से चुना गया था और कुछ रिजर्व खिलाड़ियों को पहली टीम में शामिल किया गया है। रोइंग की प्रतियोगिताएं बुधवार से शुरू हो रही हैं।

एक रोवर ने बताया कि उन्हें उनकी पसंदीदा स्पर्धा से हटा दिया गया है और उनकी जगह एक रिजर्व खिलाड़ी को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को अलग-अलग देशों के टीम मैनेजर की बैठक के बाद ऐसा किया गया।

एक अन्य रोवर ने कहा कि जिन खिलाड़ियों को या तो टीम से बाहर कर दिया गया है या अन्य स्पर्धाओं में स्थानांतरित कर दिया गया है, वे ‘‘बहुत परेशान’’ हैं और इस घटनाक्रम के बाद से उन्होंने खाना नहीं खाया है।

एक रोवर ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘कुछ नाविकों ने अभी तक खाना नहीं खाया है क्योंकि वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें।’’

रोइंग टीम से जुड़े एक अधिकारी ने पुष्टि की कि कुछ खिलाड़ी मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत दुखद है, लेकिन रोइंग टीम में हालात अच्छे नहीं हैं।’’

पता चला है कि 2022 एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता अरविंद सिंह, जिन्हें सिंगल स्कल्स में हिस्सा लेना था, उन्हें क्वाड्रपल स्कल्स में भेज दिया गया है। बलराज पंवार, जो क्वाड्रपल स्कल्स में थे, उन्हें सिंगल स्कल्स में भेज दिया गया।

पुरुष युगल टीम में सौरभ कुमार और विपुल सतीश को शामिल किया जाना था, लेकिन उनकी जगह नितिन कुमार और जसविंदर सिंह को लिया जाएगा। रिजर्व खिलाड़ी जसमाइल सिंह को कॉक्सलेस फोर में जगह दी जाएगी।

नवदीप सिंह और कुलविंदर सिंह को डबल स्कल्स से क्वाड्रपल स्कल्स में स्थानांतरित किया जाएगा।

तूफान दुजुआन की आशंका से घुड़सवारी प्रतियोगिता स्थगित

==================================

आइची-नागोया एशियाई खेलों के आयोजकों ने सोमवार को तोक्यो में होने वाली घुड़सवारी प्रतियोगिता को तूफान दुजुआन के संभावित खतरे के कारण मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया।

आयोजकों ने अब नया कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके अनुसार इवेंटिंग ड्रेसेज और इवेंटिंग जंपिंग मंगलवार से शुरू होंगे।

आइची-नागोया एशियाई खेलों का पहला डोपिंग मामला

==================================

एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) ने सोमवार को एशियाई खेलों में डोपिंग के पहले मामले की घोषणा की। थाईलैंड की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी की जांच में प्रतिबंधित पदार्थ फ्यूरोसेमाइड पाया गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।

ओसीए ने एक बयान में कहा, ‘‘थाईलैंड की बैडमिंटन खिलाड़ी पिचमोन ओपटनीपुथ का यह नमूना 17 सितंबर को नागोया में प्रतियोगिता से इतर लिया गया था।’’

इस खिलाड़ी ने अभी तक एशियाई खेलों में किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया है।

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द