लखनऊ पुलिस ने हत्या-आत्महत्या मामले की जांच तेज की

लखनऊ पुलिस ने हत्या-आत्महत्या मामले की जांच तेज की

लखनऊ पुलिस ने हत्या-आत्महत्या मामले की जांच तेज की
Modified Date: August 21, 2026 / 07:22 pm IST
Published Date: August 21, 2026 7:22 pm IST

लखनऊ, 21 अगस्त (भाषा) लखनऊ पुलिस ने दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या मामले की जांच तेज कर दी है, जिसके तहत अधिकारी अब हत्या का मकसद, घटनाओं के क्रम और तीन हथियारों के स्रोत का पता लगा रहे हैं।

एक दिन पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एक कर्मचारी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और वे दंपति के वैवाहिक विवाद, उनकी तलाक की कार्यवाही, कथित तौर पर मांगी गई गुजारा भत्ता राशि और आरोपी की बहन को लेकर हुए मतभेदों समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

एडीसीपी (ईस्ट) अमोल मुर्कुट ने कहा, ‘हम घटना के सभी पहलुओं और उन कारणों की जांच कर रहे हैं जिनकी वजह से ये हत्याएं हुईं। जांच अभी शुरुआती चरण में है और हम इस समय कोई टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं।’

जांचकर्ता रिश्तेदारों और परिवार के परिचित अन्य लोगों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि एसबीआई में फील्ड ऑफिसर आरोपी मानस वाजपेयी ने क्या हत्याओं की योजना बनाई थी और क्या हथियार हासिल करने में किसी ने उसकी मदद की थी।

पुलिस गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, जहां मानस ने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (37) को कथित तौर पर गोली मारी थी।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पता चला है कि मानस ने बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग 12:15 बजे दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया था और दोनों के बीच कथित तौर पर बहस हुई, जिसके बाद मानस पत्नी को गोली मारकर भाग गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद वह अपराध स्थल से कुछ किलोमीटर दूर हुसरिया स्थित अपने घर लौटा, जहां उसने अपनी बहन शीबा वाजपेयी (28) को गोली मारी और फिर खुदकुशी कर ली।

पुलिस मानस की मौत से पहले लगाए गए उसके व्हाट्सऐप स्टेटस की भी जांच कर रही है, जिसमें उसने पत्नी, पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उसके पति के खिलाफ आरोप लगाए थे।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि दंपति के तलाक के मामले में 18 अगस्त को कुटुंब अदालत में हुई सुनवाई पर भी गौर किया जा रहा है। पुलिस इन खबरों पर भी गौर कर रही है कि सुनवाई के दौरान गुजारे भत्ते को लेकर विवाद हुआ था और एक बड़ी राशि मांगी गई थी।

जांचकर्ता दंपति के बीच मानस की बहन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों की भी जांच कर रहे हैं, जो परिजन के अनुसार अवसाद का इलाज करा रही थी।

दिव्या की बहन प्रज्ञा ने आरोप लगाया कि मानस उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। प्रज्ञा ने यह सवाल भी उठाया कि उसने हथियार कैसे हासिल किए और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल हो सकता है।

पुलिस ने किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि वह ऐसे सभी आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस ने कहा कि मानस, दिव्या और शीबा के शवों को पोस्टमॉर्टम जांच के लिए भेज दिया गया है, जबकि फोरेंसिक टीमों ने दोनों अपराध स्थलों की पड़ताल की है।

भाषा चंदन आनन्द जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में