उत्तर प्रदेश ने जापान के यामानाशी के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए
उत्तर प्रदेश ने जापान के यामानाशी के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए
लखनऊ, 21 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत ने अपने विधायी निकायों के बीच एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करके संस्थागत संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यामानाशी प्रांत समुद्र से घिरा हुआ क्षेत्र है, जिसकी सीमा तोक्यो से लगती है। यह जापान में उत्तरी हिस्से माउंट फूजी के लिए जाना जाता है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शुक्रवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल के राज्य विधानसभा के दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के अध्यक्ष हिदेनोरी मियामोटो ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।
अधिकारियों ने बताया कि समझौते के तहत दोनों विधानसभाओं के प्रतिनिधिमंडलों के बीच नियमित बातचीत, सूचनाओं व अनुभवों का साझाकरण तथा एक-दूसरे के दौरे किए जाएंगे।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा परिसर का दौरा किया और उसे सदन के कामकाज, भूमिका तथा ऐतिहासिक व लोकतांत्रिक विरासत के बारे में जानकारी दी गई।
सहमति पत्र में अर्थव्यवस्था, पर्यटन, कृषि, शिक्षा और मानव संसाधन विकास सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के साथ-साथ तकनीक, ज्ञान और कौशल का आदान-प्रदान करने की बात कही गई है।
महाना ने प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा के बारे में जानकारी दी और काशी व बौद्ध सर्किट समेत राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को रेखांकित किया।
अधिकारियों ने कहा कि इस समझौते से लोगों के बीच संबंध मजबूत होने और उत्तर प्रदेश तथा यामानाशी के बीच निवेश, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में व्यापक सहयोग के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
भाषा जफर जोहेब
जोहेब

Facebook


