लखनऊ : नाबालिग को शराब बेचने वाले सेल्समैन को हटाया गया, दुकान पर लगा जुर्माना
लखनऊ : नाबालिग को शराब बेचने वाले सेल्समैन को हटाया गया, दुकान पर लगा जुर्माना
लखनऊ, 14 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शराब की एक दुकान पर नाबालिग को शराब बेचने का वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने सेल्समैन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है और संबंधित दुकान पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि सरकार की नीति केवल अवैध और जहरीली शराब पर अंकुश लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि कम उम्र के बच्चों तक शराब की पहुंच रोकने पर भी है।
इसमें कहा गया कि लखनऊ में नाबालिग को शराब बेचने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही आबकारी विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर यह संदेश दिया कि नियमों से खिलवाड़ किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगा।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ और अन्य मंचों पर वीडियो प्रसारित होने के बाद सरकार ने इस मामले का संज्ञान लिया और संबंधित के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
लखनऊ के जिला आबकारी अधिकारी ने 11 सितंबर को वीडियो की जांच कराई। जांच में वीडियो विकास नगर थाना क्षेत्र के शुभौली स्थित एक दुकान के सेल्समैन की एक व्यक्ति से कहासुनी का पाया गया। वीडियो में सेल्समैन पर नाबालिग बच्चे को शराब बेचने की बात कही जा रही थी।
बयान के अनुसार जांच के दौरान सेल्समैन का व्यवहार उचित नहीं पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। इसके साथ ही संबंधित दुकान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
भाषा आनन्द धीरज
धीरज

Facebook


