बागपत में टेंट कारोबारी और बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी की मौत, एक गिरफ्तार

बागपत में टेंट कारोबारी और बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी की मौत, एक गिरफ्तार

बागपत में टेंट कारोबारी और बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी की मौत, एक गिरफ्तार
Modified Date: June 10, 2026 / 11:27 am IST
Published Date: June 10, 2026 11:27 am IST

बागपत (उप्र), 10 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के टेंट व्यापारी और उसके बेटे की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी की भी यहां अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वरुण लोहारी ने पुरानी रंजिश के कारण मंगलवार को बड़ौत इलाके में टेंट व्यापारी सोहन लाल (55) और उसके बेटे विकास (30) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह भी घटना में घायल हो गया था और मंगलवार रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। बड़ौत के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वरुण लोहारी को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था जहां से उसे बेहतर इलाज के लिये दूसरे अस्पताल रेफर किया गया था। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसकी मौत कैसे हुई, इसका सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। प्रथम दृष्टया उसे गोली लगने की बात भी सामने आई है। गोली कैसे लगी, यह अभी जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बुधवार को बताया कि मृतक पिता-पुत्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.

उन्होंने बताया कि एक नामजद आरोपी बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीम गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से रंजिश थी। वर्ष 2015 में बड़ौत पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद विवाद और बढ़ गया। 2023 में वरुण लोहारी गुट की संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया गया, जिसके बाद परिवार ने बागपत छोड़ दिया और देहरादून में रहने लगा। जांचकर्ताओं के मुताबिक, लोहारी एक आपराधिक मामले की सुनवाई के सिलसिले में मंगलवार को अदालत आया था। इस दौरान घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों को खंगाल रही है। इस घटना के कारण बड़ौत शहर में तनाव फैल गया, जिससे एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हत्याओं के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भरोसा जताया कि बाकी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरी तरह से खुलासा हो जाएगा। भाषा सं. जफर गोलागोला


लेखक के बारे में