बलिया में गवाह की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी
बलिया में गवाह की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी
बलिया (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) बलिया जिले की गड़वार थाना पुलिस ने एक पुराने मुकदमे के गवाह की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय वर्मा ने बताया कि रविवार रात 11 बजे गड़वार पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के रतसड़ मार्ग से नूरपुर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपी ने गोली चलायी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलीबारी की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान गड़वार थाना क्षेत्र के असनवार गांव निवासी सौरभ उपाध्याय (27) के रूप में की गयी है।
वर्मा ने बताया कि घायल सौरभ को रतसड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ में सौरभ ने बताया कि उसने अपने पिता देवेन्द्र उपाध्याय के कहने पर साथियों के साथ मिलकर चार जुलाई को अपने पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की साजिश के तहत हत्या कर दी थी।
सौरभ के खिलाफ रसड़ा कोतवाली में पहले से हत्या का एक मुकदमा दर्ज है। इस मामले में वह जेल में था और जमानत पर रिहा होने के बाद उसने मुकदमे के गवाह की हत्या की थी।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला

Facebook


