बच्चों की तस्करी करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार, छह बच्चे छुड़ाये गए
बच्चों की तस्करी करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार, छह बच्चे छुड़ाये गए
चंदौली (उप्र), 17 मार्च (भाषा) चंदौली जिले के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ की एक संयुक्त टीम ने छह नाबालिग बच्चों को एक मानव तस्कर से बचाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इन बच्चों को उनके माता-पिता को पैसे का लालच देकर मजदूरी के लिए ट्रेन से ले जाया जा रहा था।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि सोमवार शाम जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 7 पर ट्रेन नंबर 22948 (भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के नियमित निरीक्षण के दौरान जनरल कोच में बच्चों को साथ ले जा रहे दिनेश मंडल नामक आरोपी को पकड़ा गया। रावत ने कहा कि पूछताछ करने पर, बच्चों और तस्कर दोनों ने खुद को झारखंड के गोड्डा जिले का निवासी बताया।
प्रभारी अधिकारी ने बताया कि बच्चों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश मंडल बच्चों को अपने खर्च पर गोड्डा से भागलपुर लाया था और बाद में इस ट्रेन से उन्हें वडोदरा ले जा रहा था।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने बच्चों को गंतव्य पर पहुंचने पर सौर संयंत्र में प्रति दिन 12 घंटे काम करने के लिए 18,000 रुपये का मासिक वेतन देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि बचाए गए बच्चों को उनके परिवारों के पास सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए डीडीयू में रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंप दिया गया है।
रावत ने कहा कि वहीं गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुगलसराय पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं जफर अमित
अमित

Facebook


