भदोही में पत्नी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

भदोही में पत्नी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

भदोही में पत्नी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: July 8, 2026 / 10:03 pm IST
Published Date: July 8, 2026 10:03 pm IST

भदोही (उप्र), आठ जुलाई (भाषा) भदोही जिले में दहेज की मांग और बेटी को जन्म देने पर अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 25 वर्षीय प्रीति बिंद की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि के बाद उसके पति रविशंकर बिंद को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को सुरियावां थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) और 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत आरोपी रविशंकर बिंद, उसके पिता सुदामा बिंद, भाई प्रमोद, भाभी निशा देवी और दो बहनों संगीता तथा जीरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

अधिकारी ने बताया कि प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र के रामनगर निवासी महिला के पिता त्रिलोकी नाथ बिंद की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार, प्रीति की शादी दो जून 2021 को रविशंकर बिंद से हुई थी और शादी के बाद से ही पति तथा ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।

मृतका के पिता का आरोप है कि 10 महीने पहले बेटी के जन्म के बाद प्रीति के साथ होने वाली प्रताड़ना और बढ़ गई, उसे बार-बार पीटा गया और पांच जुलाई को उसकी हत्या कर दी गई।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि प्रीति का शव घर के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतका के पिता ने प्रयागराज से भदोही पहुंचकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद छह जुलाई को पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में