महिला की हत्या कर शव के टुकड़े करने का आरोपी गिरफ्तार
महिला की हत्या कर शव के टुकड़े करने का आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर (उप्र), छह जुलाई (भाषा) जौनपुर जिले में मड़ियाहूं क्षेत्र में रानीपुर तिराहे के पास रविवार की सुबह पुलिस ने सड़क के किनारे झाड़ी में एक महिला का कई टुकड़ों में कटा शव बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में एक अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रानीपुर बाईपास (भदोही मुख्य मार्ग) के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का कई टुकड़ों में कटा शव बरामद किया गया था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने रामनगर विकास खंड कार्यालय के गेट की तरफ आ रहे एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलायीं।
सिंह ने दावा किया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलायी जो बदमाश के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार करके अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये अभियुक्त हेमल खखरिया के पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया।
सिंह के मुताबिक खखरिया ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह चार जुलाई को मृतक रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर (वाराणसी) से मड़ियाहूं की टीचर्स कॉलोनी स्थित अपने किराये के कमरे में लाया था मगर इसी दौरान वहां मोबाइल चैट देखने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था जिससे नाराज होकर उसने सो रही सना का गला चाकू से काटकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि बाद में अभियुक्त ने बाजार से काली पॉलिथीन खरीदी और गड़ासे से सना के दोनों हाथ व पैर काटकर शव को तीन हिस्सों में बांटने के बाद धड़ को रानीपुर बाईपास पर और पैर व अन्य अंगों को रामनगर ब्लॉक मोड़ के पास पुलिया के आगे फेंक दिया था।
सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा धड़ बरामद कर शिनाख्त किये जाने की भनक लगते ही वह बचे हुए अंगों को छुपाने की फिराक में था तभी पुलिस से मुठभेड़ में वह पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि खखरिया के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और महिला का एक कटा हुआ अंग भी बरामद हुआ है।
भाषा सं. सलीम नरेश प्रशांत
प्रशांत

Facebook


