सहारनपुर में पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

सहारनपुर में पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

सहारनपुर में पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: July 9, 2026 / 07:52 pm IST
Published Date: July 9, 2026 7:52 pm IST

सहारनपुर (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले में पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के आरोपी व्यक्ति को अपराध के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

फतेहपुर के थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि आठ जुलाई को छुटमलपुर कस्बे के हरिजन कॉलोनी निवासी बालकिशन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके दामाद सनी ने उनकी 32 वर्षीय बेटी मीनू की चाकू मारकर हत्या कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने राजापुर-रुड़की रोड पर नव विकसित एक कॉलोनी के गेट के पास से फतेहपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के निवासी सनी को गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया।

राणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान सनी ने पुलिस को बताया कि उसने 15 साल पहले मीनू से प्रेम विवाह किया था और दंपति के चार बच्चे हैं।

थाना प्रभारी के मुताबिक, दंपति में अक्सर झगड़ा होता था और मीनू लगभग 20 दिन पहले विवाद के बाद अपने माता-पिता के घर चली गई थी।

राणा ने कहा कि सनी ने दावा किया कि वह पत्नी को वापस लौटने के लिए मनाने के वास्ते दो या तीन बार अपने ससुराल गया था, लेकिन उसने इनकार कर दिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने घटना से तीन दिन पहले एक तेज धार वाला चाकू खरीदा था और जब मीनू ने फिर से उसके साथ जाने से इनकार कर दिया और बहस हुई, तो उसने मौके से भागने से पहले मीनू पर चाकू से बार-बार हमला किया।

भाषा सं जफर शफीक

शफीक


लेखक के बारे में