बागपत में छत से पानी गिरने के विवाद में युवक की चाकू गोदकर हत्या, पांच घायल

Ads

बागपत में छत से पानी गिरने के विवाद में युवक की चाकू गोदकर हत्या, पांच घायल

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 06:44 PM IST

बागपत (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में छत से पानी गिरने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में सोमवार को एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। हमले में मृतक के परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी ।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि बड़का रोड इलाके में सोमवार को छत की सफाई के दौरान पानी पड़ोसी के घर में गिरने से विवाद हो गया।

उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर इरफान पक्ष के लोगों ने आस मोहम्मद के पुत्र शोएब (25) पर चाकू से वार कर दिया, गंभीर रूप से घायल शोएब की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, हमले में मृतक की मां गुड्डो, पिता आस मोहम्मद, बहन फरहा और छोटे भाई फरमान समेत पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश में तीन पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन