बरेली में श्मशान भूमि में औघड़ की गला रेत कर हत्या

बरेली में श्मशान भूमि में औघड़ की गला रेत कर हत्या

बरेली में श्मशान भूमि में औघड़ की गला रेत कर हत्या
Modified Date: January 10, 2023 / 08:03 pm IST
Published Date: January 10, 2023 8:03 pm IST

बरेली(उप्र), 10 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के परा मोहल्ले के पास एक श्मशान भूमि में एक औघड़ की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देहात पुलिस अधीक्षक राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि फरीदपुर थाना क्षेत्र के परा मोहल्ले के श्मशान घाट में रहने वाले औघड़ बाबा भूषण नाथ (60) का मंगलवार की सुबह गला रेता हुआ शव मिला।

एसपी ने बताया कि सोमवार की रात किसी ने धारदार हथियार से बाबा की हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि शमशान घाट में बाबा के साथ रहने वाले बाबा ओंकार नाथ से पूछताछ करने पर पुलिस ने पाया कि मंगलवार की सुबह जब बाबा भूषण नाथ हमेशा की तरह चाय पीने दुकान पर नहीं आए तो चाय दुकानदार ने भूरा नाम के व्यक्ति को उन्हें बुलाने भेजा।

पुलिस ने कहा कि श्मशान घाट पर पहुंचने पर भूरा ने उन्हें जोर से बुलाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला और उसने वापस लौटकर दुकानदार को बताया कि बाबा कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि बाद में जब दुकानदार भूरा के साथ मौके पर पहुंचा तो उन्हें खून से लथपथ बाबा का शव मिला। औघड़ के गले और शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं।

अग्रवाल ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं आनन्द

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में