पीलीभीत बाघ अभयारण्य के जंगल में घायल अवस्था में मिली बाघिन, उपचार जारी
पीलीभीत बाघ अभयारण्य के जंगल में घायल अवस्था में मिली बाघिन, उपचार जारी
पीलीभीत (उप्र), 25 जुलाई (भाषा) पीलीभीत बाघ अभयारण्य (पीटीआर) के जंगल में शनिवार तड़के पांच वर्षीय एक बाघिन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह नियमित गश्त पर निकले वनकर्मियों ने उसे देखा, जिसके बाद अधिकारी और बचाच टीम मौके पर पहुंची और उसे डॉक्टरों की निगरानी में लेकर उपचार शुरू कराया।
पीलीभीत बाघ अभयारण्य के उप निदेशक एवं प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बाघिन की निगरानी और देखभाल के लिए पांच सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है। यह टीम चौबीसों घंटे बाघिन की स्वास्थ्य स्थिति और गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया पशु चिकित्सक दक्ष गंगवार के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं।
डॉ. दक्ष गंगवार ने बताया कि बाघिन के दाहिने कान पर हुए घाव में बड़ी संख्या में कीड़े पड़ गए, जिनको निकाल दिया है। उन्होंने बताया कि सुबह उसकी हालत ठीक नहीं थी, लेकिन अब उसकी हालत स्थिर है।
उन्होंने बताया, ‘‘घायल बाघिन को उपचार के लिए दूसरी जगह ले जाने की स्थिति अभी नहीं है। उसको ड्रिप चढ़ाई जा रही है। सूजन में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन कुछ भी खाने की स्थिति नहीं बनी है।’’
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष

Facebook


