उप्र : कांवड़ यात्रा पर निकले चार बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगा मथुरा प्रशासन
उप्र : कांवड़ यात्रा पर निकले चार बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगा मथुरा प्रशासन
मथुरा, 12 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा में जिला प्रशासन ने हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पर निकले चार बच्चों की पढ़ाई के लिए बुधवार को शैक्षणिक सहायता की व्यवस्था की। ये बच्चे इस उम्मीद में यात्रा पर निकले थे कि भगवान शिव उनका आशीर्वाद देंगे और स्कूल की फीस नहीं भर पाने के कारण छूटी उनकी पढ़ाई दोबारा शुरू हो सकेगी।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने ‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता द्वारा ‘‘भोलेनाथ सुनो पुकार, फीस भरना जरूरी’’ शीर्षक से किए गए पोस्ट का संज्ञान लेते हुए चारों बच्चों को अपने कार्यालय बुलाया।
पोस्ट के अनुसार, बच्चों ने 30 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की थी। इनमें कोसी कलां के नगर पालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा साधना, कक्षा नौ की छात्रा मुस्कान, कक्षा तीन की छात्रा प्रेरणा और आदर्श विद्या मंदिर, कोसी कलां के कक्षा सात के छात्र शिवम शामिल हैं।
इन बच्चों के माता-पिता भरत सिंह और सुनीता शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। भरत किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि सुनीता सिलाई का काम करती हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, साधना की ट्यूशन फीस और प्रेरणा की पूरी फीस माफ कर दी गई है। वहीं, मुस्कान की 6,800 रुपये और शिवम की 5,500 रुपये की फीस भी माफ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को सभी बच्चों की फीस माफ करने के निर्देश दिए हैं। उप जिलाधिकारी (छाता) अखिलेश कुमार ने इन बच्चों को गोद लिया है और उनकी पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी जरूरतों का ध्यान रखेंगे।
प्रशासन ने बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म के दो सेट, स्कूल बैग, किताबें, पेंसिल बॉक्स, लंच बॉक्स, जूते और मोजे भी उपलब्ध कराए हैं।
सिंह ने बताया कि प्रशासन ने बच्चों के माता-पिता को दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने की भी व्यवस्था की है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत

Facebook


