संभल में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया, प्रशासन ने कब्जे में ली करीब पांच बीघा भूमि

संभल में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया, प्रशासन ने कब्जे में ली करीब पांच बीघा भूमि

संभल में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया, प्रशासन ने कब्जे में ली करीब पांच बीघा भूमि
Modified Date: August 12, 2026 / 08:59 pm IST
Published Date: August 12, 2026 8:59 pm IST

संभल, 12 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल में जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को संभल तहसील के शाहपुर डसर गांव में खाद के गड्ढे के नाम दर्ज करीब पांच बीघा जमीन से अतिक्रमण हटाकर उसे अपने कब्जे में ले लिया।

उप जिलाधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने इस जमीन पर चारदीवारी बनाकर उसे बगल के कब्रिस्तान में मिला लिया था।

उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम भेजकर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया और अब प्रशासन ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है।

उप जिलाधिकारी के अनुसार, सरकारी जमीन को बगल के कब्रिस्तान के साथ मिलाकर उसका इस्तेमाल कब्रिस्तान से जुड़े कार्यों के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक मजिस्ट्रेट, दो लेखपाल, एक कानूनगो और संभल थाने की पुलिस मौजूद रही।

जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कहा कि तालाब, झील, चकमार्ग और वृक्षारोपण भूमि समेत किसी भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत


लेखक के बारे में