भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली करके ‘चंद्रशेखर’ को जितवाया: मायावती

भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली करके ‘चंद्रशेखर’ को जितवाया: मायावती

भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली करके ‘चंद्रशेखर’ को जितवाया: मायावती
Modified Date: September 28, 2026 / 03:15 pm IST
Published Date: September 28, 2026 3:15 pm IST

लखनऊ, 28 सितंबर (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को आरोप लगाया कि भाजपा ने षड्यंत्र के तहत बसपा को नुकसान पहुंचाने के लिए ईवीएम में धांधली करके चंद्रशेखर आजाद को नगीना सीट से चुनाव जितवा दिया।

युवा दलित नेता और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर नगीना सीट से सांसद हैं।

बसपा प्रमुख ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में चंद्रशेखर आजाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने साजिश के तहत ईवीएम में धांधली कर उन्हें जितवाया।

उन्होंने बसपा के परंपरागत मतदाताओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी एकमात्र हितैषी पार्टी बसपा को वोट देते हैं, लेकिन वह वोट किसी और के खाते में चला जाता है, जिससे धीरे-धीरे उनका मतदान से विश्वास उठता जा रहा है।

मायावती ने कहा, “इसका खास उदाहरण आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का सांसद है, जिसका आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र नगीना में कोई जनाधार नहीं है, लेकिन षड्यंत्र के तहत बसपा को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा ने ईवीएम में धांधली करके उसे जितवा दिया। ऐसा लोगों का मानना है।”

उन्होंने आजाद पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘वह भाजपा के इशारे पर देश में जहां-जहां दलितों पर अत्याचार व अन्याय होता है, वहां पहुंच जाता है और वहां पहुंचकर उनको न्याय दिलाने के बजाय धरना-प्रदर्शन कराकर युवाओं को आगे कर देता है।’’

बसपा प्रमुख ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद मुकदमा खत्म होने तक इन दलित युवाओं को सरकारी नौकरी भी नहीं मिल पाएगी, तब ये लोग अदालतों के चक्कर में पड़कर पिछड़ते चले जाएंगे। दलितों को इनके बहकावे में नहीं आना चाहिए।

भाषा आनन्द

मनीषा संतोष

संतोष


लेखक के बारे में