मायावती ने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया

मायावती ने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया

मायावती ने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया
Modified Date: September 23, 2026 / 04:22 pm IST
Published Date: September 23, 2026 4:22 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

लखनऊ, 23 सितंबर (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष मायावती के छोटे भतीजे ईशान आनंद को अपना नया राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया।

कुछ दिन पहले ही ईशान के बड़े भाई आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था।

मायावती की अध्यक्षता में यहां पार्टी मुख्यालय में हुई बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में इस निर्णय की घोषणा की गई। एलएलएम की पढ़ाई पूरी कर चुके ईशान आनंद अपने पिता और बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ इस बैठक में मौजूद थे।

हालांकि, इस बैठक में मायावती ने कहा कि पार्टी के संस्थापक कांशीराम के सिद्धांतों और बीआर आंबेडकर के विचार का अनुसरण करते हुए बसपा वंशवाद की राजनीति से दूरी बनाए रखने को प्रतिबद्ध है।

ईशान ने नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मायावती को धन्यवाद दिया और कहा कि वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ यह जिम्मेदारी निभाएंगे।

बसपा द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, ईशान ने बीआर आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि वह मायावती द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलेंगे।

ईशान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वह पार्टी की गतिविधियों को आगे ले जाएंगे और उन्हें निराश नहीं करेंगे।

वंशवादी राजनीति के मुद्दे पर मायावती ने कहा कि बसपा हमेशा से ही इससे मुक्त रही है और इसके संस्थापक कांशी राम ने इस मामले में सख्त सिद्धांत तय किए थे।

मायावती ने कहा कि कांशीराम कहा करते थे कि उनका कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं है और संपूर्ण बहुजन समाज उनका परिवार है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि इसका उद्देश्य दबे कुचलों को सत्तारूढ़ वर्ग में तब्दील करने और उन्हें आत्म-सम्मान का जीवन जीने में समर्थ बनाना एवं आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करना था।

मायावती ने कहा कि रिश्तेदार और करीबी परिजन यदि काम करना चाहें तो वे पार्टी में काम कर सकते हैं, लेकिन बिना किसी लालच के।

ईशान आनंद को बैठक में मायावती का चरण स्पर्श करते हुए देखा गया।

वर्तमान में बसपा का लोकसभा, उप्र विधानसभा या विधान परिषद में कोई प्रतिनिधि नहीं है और इसके एकमात्र राज्यसभा सदस्य रामजी सुमन का कार्यकाल 25 नवंबर, 2026 को समाप्त होने जा रहा है।

इससे पूर्व, तीन सितंबर को मायावती ने आकाश आनंद को मुख्य राष्ट्रीय संयोजक के पद से यह कहते हुए हटा दिया था कि आकाश आनंद को अधिक परिपक्वता की जरूरत है और उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां देना उचित नहीं होगा।

मायावती ने यह भी कहा था कि आकाश पर उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ का प्रभाव है। मायावती ने बसपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से बाहर कर दिया था।

भाषा किशोर राजेंद्र मनीषा शफीक

शफीक


लेखक के बारे में