गणेश पूजा के दौरान रेलिंग ढहने से एक महिला की मृत्यु, कई घायल
गणेश पूजा के दौरान रेलिंग ढहने से एक महिला की मृत्यु, कई घायल
सीतापुर (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक धर्मशाला में बुधवार दोपहर गणेश पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के ऊपर एक रेलिंग गिरने से एक महिला की मृत्यु हो गई और कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गणपति पंडाल का निर्माण आंगन में किया गया था जहां यह हादसा हुआ। यह घटना कोतवाली नगर पुलिस थाना अंतर्गत आर्य नगर में पंजाबी धर्मशाला में दोपहर 12:30 बजे घटी। आंगन में खड़े किए गए तिरपाल पर भारी बारिश का पानी जमा हो गया था जिससे तिरपाल के साथ तीन मंजिला रेलिंग ढह गई।
सीतापुर के जिला मजिस्ट्रेट राजा गणपति ने बताया कि इस घटना में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक महिला की मृत्यु हुई है। एक व्यक्ति अधिक गंभीर है जिसे लखनऊ भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। मृतक महिला की पहचान उमा कपूर (60) के रूप में की गई है।
भाषा सं राजेंद्र मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


