जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक का मायावती ने स्वागत किया
जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक का मायावती ने स्वागत किया
लखनऊ, 28 जुलाई (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने रामपुर में सपा नेता आजम खान के पारिवारिक ट्रस्ट द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों के ध्वस्तीकरण पर अंतिम सुनवाई होने तक रोक लगाए जाने के निर्णय का मंगलवार को स्वागत किया।
मायावती ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “उप्र के जिला रामपुर में समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद आजम खान के पारिवारिक ट्रस्ट द्वारा स्वतंत्रता सेनानी मोहम्मद अली जौहर के नाम पर स्थापित युनिवर्सिटी की 38 इमारतों को स्वीकृत नक्शे के अभाव में ध्वस्त करने की रामपुर विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर अब रोक लगाने फैसला उचित और स्वागत योग्य है।”
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी मायावती ने कहा, “वैसे केवल जौहर विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में अगर अन्य और भी शिक्षण संस्थाएं हैं जो अपने निर्माण आदि में सरकारी नियमों आदि का सही से अनुपालन नहीं कर पाई हैं तो उन पर भी बुलडोजर की कार्रवाई के बजाय सरकार को उन्हें नियमित एवं सही कराने की नीति अपनानी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “इससे वहां शिक्षा प्राप्त करने वाले सभी छात्र छात्राओं का जीवन किसी भी प्रकार से प्रभावित ना होने पाए। उम्मीद है कि सरकार बसपा की इस जन हितैषी सलाह पर जरूर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।”
मायावती की पोस्ट से एक दिन पूर्व मुरादाबाद के मंडलायुक्त की अदालत ने जौहर विश्वविद्यालय को अंतरिम राहत देते हुए इस मामले में अंतिम सुनवाई होने तक इसके 38 भवनों के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर रोक लगा दी।
भाषा राजेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


