मोबाइल चोरी के शक में अधेड़ को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

मोबाइल चोरी के शक में अधेड़ को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

मोबाइल चोरी के शक में अधेड़ को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल
Modified Date: September 16, 2026 / 12:14 am IST
Published Date: September 16, 2026 12:14 am IST

पीलीभीत (उप्र), 15 सितंबर (भाषा) पीलीभीत में मंगलवार शाम मोबाइल चोरी के शक में 55 वर्षीय एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने बिजली के खंभे से बांधकर निर्वस्त्र कर पीटा। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।

पुलिस के अनुसार, घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बशीर खां की है। पीड़ित की पहचान पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी अजबान के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम अजबान मोहल्ला बशीर खां में मौजूद था। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों को उस पर मोबाइल चोरी करने का शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़ लिया।

आरोप है कि लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके कपड़े उतारकर उसे बिजली के खंभे से बांध दिया।

घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अजबान को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।

नगर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला


लेखक के बारे में