उप्र : मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से दो कार में लगी आग, चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत

उप्र : मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से दो कार में लगी आग, चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत

उप्र : मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से दो कार में लगी आग, चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत
Modified Date: April 23, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: April 23, 2026 5:27 pm IST

मिर्जापुर, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित ड्रमंडगंज पहाड़ी इलाके में ट्रक की टक्कर से दो कारों में आग लगने के कारण चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर ड्रमंडगंज घाटी से लसोडा क्षेत्र की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान देर रात हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को ‘‘अत्यंत दुखद और हृदय विदारक’’ बताते हुए जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु निर्देश दिए हैं।

मिर्जापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मध्यप्रदेश से आ रहा चने से लदा हुआ ट्रक बड़का मोड़ की पहाड़ी की तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और उसने पहले एक जीप को, उसके बाद आगे चल रही कार को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद कार आगे जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक से टकरा गई, जिससे कार और जीप दोनों में आग लग गई।

प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार नीचे की ओर जा रहे एक ट्रक के दूसरे वाहन से टकराने से पहले ब्रेक फेल होने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि चने से लदा ट्रक मध्यप्रदेश की ओर से आ रहा था, जिसने खड़ी ढलान पर नियंत्रण खो दिया और पहले एक बोलेरो तथा फिर आगे चल रही एक कार को टक्कर मार दी।

टक्कर में दोनों ट्रकों के बीच चल रही एक कार कुचल गई। पुलिस ने कहा कि इसके बाद हुई श्रृंखलाबद्ध टक्कर में, कार बजरी से भरे एक अन्य ट्रक से जा टकराई, जबकि कार और बोलेरो दोनों में आग लग गई, आग इतनी भीषण थी कि अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से इसे बुझाने में दो घंटे से अधिक समय लग गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाया और सभी जिंदा जल गए।

अधिकारियों ने कहा कि बोलेरो में सवार चार बच्चों, तीन महिलाओं और दो पुरुषों सहित नौ लोगों की जलकर मौत हो गई। वे मैहर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि उनके अलावा कार चालक और ट्रक चालक की भी मौत हो गई, जिन्होंने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

कौशिक के अनुसार मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के सतना निवासी प्रियंका सिंह (42) व कार्तिकेय सिंह (19), सागर निवासी विकास शर्मा (32), उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी पीयूष सिंह (15), पंकज सिंह (40), बीना सिंह (47), वंदना सिंह (43), शिव सिंह (चार), सोनम सिंह (नौ) व विष्णु सिंह (चार) और सोनभद्र निवासी जयप्रकाश (28) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक चालक की भी मौत हुई है।

पुलिस के अनुसार, शव इतनी बुरी तरह झुलस गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। देर रात जब परिजन पहुंचे, तब उनकी शिनाख्त हो सकी।

उसने बताया कि दुर्घटना के बाद दो कार में लगी आग इतनी भीषण थी कि अग्निशमन दल को इसे काबू करने में दो घंटे से अधिक समय लग गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार सुबह ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘जनपद मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’

मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘ इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु निर्देश दिए गए हैं।’’

जिलाधिकारी पवन गंगवार ने बताया कि सभी शवों को मुर्दाघर में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं थी।

इलाके में पुलिसकर्मी तैनात हैं और प्रभावित हिस्से पर सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं। दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा

सं, सलीम जफर रवि कांत


लेखक के बारे में