मुजफ्फरनगर, 27 जुलाई (भाषा) कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मुजफ्फरनगर जिले में 30 जुलाई से दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। इसके बाद चार अगस्त से 12 अगस्त तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (यातायात) अतुल कुमार चौबे ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा केवल कांवड़ियों के आवागमन के लिए आरक्षित रहेगा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए 30 जुलाई से दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग तथा गंगा नहर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके बाद चार अगस्त से 12 अगस्त तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लागू रहेगी।
इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगी। इस दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गृह नगरों के शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर जिले में गंगा नहर मार्ग स्थित सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस के प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए जाएंगे।
भाषा सं आनन्द शोभना खारी
खारी