उप्र : मुजफ्फरनगर में बकरीद से जुड़ी आपत्तिजनक पोस्ट के आरोप में पांच गिरफ्तार

उप्र : मुजफ्फरनगर में बकरीद से जुड़ी आपत्तिजनक पोस्ट के आरोप में पांच गिरफ्तार

उप्र : मुजफ्फरनगर में बकरीद से जुड़ी आपत्तिजनक पोस्ट के आरोप में पांच गिरफ्तार
Modified Date: May 28, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: May 28, 2026 5:27 pm IST

मुजफ्फरनगर, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बकरीद से जुड़ी आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक कॉलेज के प्रधानाचार्य और एक समाजसेवी भी शामिल हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों पर सोशल मीडिया पर ईद-उल-अजहा (बकरीद) की शुभकामनाओं से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मीरापुर क्षेत्र के एक स्थानीय कॉलेज के प्रधानाचार्य पुनीत कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार की गई बकरीद की शुभकामना पोस्ट साझा की थी, जिसमें गायों की तस्वीरें थीं। इस पोस्ट पर कुछ समूहों ने आपत्ति जताई थी।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य मामले में समाजसेवी गोहर सिद्दीकी को सोशल मीडिया पर ईद की शुभकामनाओं से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस पोस्ट में भी गाय की तस्वीर थी।

इसी तरह की पोस्ट के संबंध में ककरौली थाना क्षेत्र से जाहिद और भोपा थाना क्षेत्र से कलीमुद्दीन को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि सभी मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है और विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत


लेखक के बारे में