प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में पौधारोपण किया
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में पौधारोपण किया
लखनऊ, 12 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को लखनऊ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, समरस वन, लखनऊ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 5,500 पौधों के वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बयान के अनुसार, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के कुकरैल वन में आयोजित पौधारोपण महायज्ञ 2026 के तहत पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधे लगाए।
चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज में रहने वाले हर नागरिक का परम कर्तव्य और आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आज बदलती वैश्विक जलवायु परिस्थितियों के बीच भारत को पर्यावरण के दृष्टिकोण से सुरक्षित रखने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।
भाषा
आनन्द
पारुल
पारुल

Facebook


