लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया: अखिलेश यादव

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया: अखिलेश यादव

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया: अखिलेश यादव
Modified Date: July 12, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: July 12, 2026 9:22 pm IST

लखनऊ, 12 जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बना लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया।

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘एक्सप्रेसवे इसलिए बनाए जाते हैं कि लोग बेफिक्र होकर तेजी से सफर कर सकें, न कि पूरे रास्ते भगवान का नाम जपते रहें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार में 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बना लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया, उधर महाराष्ट्र में भाजपा सरकार के दौरान 6,700 करोड़ रुपये की लागत से बना ‘मिसिंग लिंक’ बदहाल हो गया जिससे वह भाजपा सरकार और भ्रष्टाचारियों के ‘कनेक्टिंग लिंक’ के रूप में पूरी दुनिया में बदनाम हो गया।’’

यादव ने सवाल किया, ‘‘क्या भाजपा शासित राज्यों में ‘महाभ्रष्टाचार की प्रतियोगिता’ हो रही है? क्या इन दोनों परियोजनाओं का डिजाइन लखनऊ वालों ने तैयार किया है?’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘दो शहरों के बीच की यात्रा में जितना समय लगेगा, उससे अधिक समय तो एक्सप्रेसवे से शहर में प्रवेश करने में लग जाएगा। जनता पूछ रही है कि यह परियोजना लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई है या भाजपा से जुड़े ठेकेदारों को मुनाफा पहुंचाने के लिए?’’

सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘अगर भ्रष्टाचार की वजह से यही हाल रहा, तो 40 मिनट की यात्रा पर निकलने से पहले यात्री 40 बार सोचेगा। यदि गति सुरक्षित नहीं है, तो उसका कोई अर्थ नहीं है।’’

भाषा आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में