मुजफ्फरनगर में गैस एजेंसी के बाहर कतार में खड़े व्यक्ति की कार की टक्कर से मौत, अन्य घायल
मुजफ्फरनगर में गैस एजेंसी के बाहर कतार में खड़े व्यक्ति की कार की टक्कर से मौत, अन्य घायल
मुजफ्फरनगर (उप्र), दो जून (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले में एक गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर मंगलवार को गैस सिलेंडर भरवाने के लिए इंतजार कर रहे लोगों की कतार में एक तेज रफ्तार कार के घुसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना शाहपुर थानाक्षेत्र के ककरा गांव के पास उस वक्त हुई जब बड़ी संख्या में ग्राहक इंडेन गैस एजेंसी गोदाम के बाहर एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराने के लिए कतार में खड़े थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि दुर्घटना में अय्यूब (35) की मौत हो गई, जबकि शेखर नाम के एक अन्स व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, ये लोग गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर एक लंबी कतार में खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार कार चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार कतार में घुस गई।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक अभियान शुरू कर दिया है। सिंह ने कहा कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आगे की जांच जारी है।
भाषा सं जफर मनीषा अमित
अमित

Facebook


