कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत लगाएगी 52 अतिरिक्त फेरे, 30 जुलाई से हर आठ मिनट पर मिलेगी ट्रेन
कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत लगाएगी 52 अतिरिक्त फेरे, 30 जुलाई से हर आठ मिनट पर मिलेगी ट्रेन
मेरठ, 28 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने मंगलवार को बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संभावित वृद्धि के मद्देनजर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 30 जुलाई से ‘नमो भारत’ प्रतिदिन 52 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
निगम ने बताया कि इसके साथ ही नमो भारत ट्रेन अब प्रत्येक आठ मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी।
एनसीआरटीसी ने एक बयान में बताया कि वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें 10 मिनट के अंतराल पर चलती हैं।
बयान के मुताबिक, 30 जुलाई से 14 अगस्त तक सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच ट्रेनें 52 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी।
निगम ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों की आवृत्ति और बढ़ाई जा सकती है।
निगम के अनुसार, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर वर्तमान में प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के अलावा मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा भी उपलब्ध है, जिससे शहर के भीतर यात्रियों की आवाजाही आसान हो रही है।
निगम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू होने और कुछ स्थानों पर सड़कें बंद रहने से सड़क परिवहन प्रभावित होता है।
निगम के मुताबिक, ऐसे में नमो भारत सेवा तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन विकल्प उपलब्ध कराएगी, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
निगम ने यह भी बताया कि सड़क बंद होने की स्थिति में कुछ नमो भारत स्टेशनों पर सीमित अवधि के लिए पार्किंग सुविधा प्रभावित हो सकती है, ऐसी स्थिति में यात्रियों को समय रहते इसकी जानकारी दी जाएगी।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


