उप्र: गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या करने का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

उप्र: गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या करने का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

उप्र: गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या करने का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार
Modified Date: July 28, 2026 / 06:10 pm IST
Published Date: July 28, 2026 6:10 pm IST

गोरखपुर, 28 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खजनी कस्बे में घर के बाहर खेलते समय लापता हुए 10 वर्षीय बच्चे की कथित रूप से हत्या करने के लिए उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बच्चे का शव उसके घर से करीब 20 मीटर दूर आरोपी के घर के तहखाने से बरामद किया गया था।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान वैभव वर्मा के रूप में हुई है, जो चौथी कक्षा का छात्र था और जौहरी लक्ष्मी नारायण वर्मा का पोता था।

पुलिस के मुताबिक, वह सोमवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद लापता हो गया था।

पुलिस ने बताया कि वैभव अपराह्व करीब डेढ़ बजे घर पहुंचा था और कपड़े बदलने के बाद साइकिल लेकर पड़ोस में खेलने चला गया।

पुलिस के मुताबिक, काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसकी साइकिल घर के पास लावारिस हालत में मिली, जबकि एक चप्पल पास के खाली मैदान से बरामद हुई, जिससे अपहरण की आशंका जताई गई।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने बच्चे की तलाश के लिए पांच टीमें गठित कीं।

पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों और श्वान दस्ते की मदद से इलाके की जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में वैभव को पड़ोसी सर्वेश भट्ट के साथ जाते हुए देखा गया।

भट्ट कंप्यूटर शिक्षक है और पीड़ित परिवार के घर के पास ही रहता है। पुलिस ने भट्ट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार की तथा उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वैभव का शव भट्ट के दो मंजिला मकान के तहखाने से बरामद किया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने शव को अनाज की बोरियों के बीच एक बोरी में कथित तौर पर छिपा दिया था ताकि संदेह से बचा जा सके और बाद में उसे ठिकाने लगाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि वैभव आरोपी से परिचित था, जिसके कारण आरोपी को बच्चे का विश्वास हासिल करने और उसे अपने साथ ले जाने में आसानी हुई होगी।

शव मिलने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तथा कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दी।

बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर पहुंचीं। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार पुरी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में