मथुरा (उप्र), 17 अप्रैल (भाषा) बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया शुक्रवार को वृंदावन में यमुना की स्वच्छता के लिए चलाए जा रहे अभियान में शामिल हुईं और उन्होंने कहा कि नदियों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है।
अभिनेत्री ने सफाई कार्य में लगे लोगों से बातचीत की और स्वयं आगे बढ़कर गोवर्धन के एक स्वयंसेवक भागवत के हाथों में दस्ताने पहनाकर उन्हें सुरक्षित रूप से कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नदी की स्वच्छता को लेकर जन-जागरुकता बढ़ाना भी है।
धूपिया ने कहा, “नदियों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है।”
स्वयंसेवक भागवत ने कहा कि उन्हें इस कार्य में शामिल होकर गर्व महसूस होता है।
उन्होंने बताया, “यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे इस सेवा में योगदान का अवसर मिला। नेहा धूपिया के आने और उनके प्रोत्साहन से हमारा हौसला और बढ़ गया है। यह कार्य मेरे लिए केवल सफाई नहीं, बल्कि एक धार्मिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।”
इससे पूर्व अभिनेत्री ने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन किए और यमुना किनारे जाकर पूजन भी किया।
भाषा सं जफर खारी
खारी