नेपाल बाढ़ : चार दोस्तों के लापता होने से नेपाली क्रिकेटर की बढ़ी मुश्किलें
नेपाल बाढ़ : चार दोस्तों के लापता होने से नेपाली क्रिकेटर की बढ़ी मुश्किलें
आगरा, एक सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में आगरा की एक क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रहा नेपाल का एक उभरता क्रिकेटर अपने गांव में हुई त्रासदी के बाद चार दोस्तों के लापता होने से मानसिक रूप से परेशान है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नेपाल के त्रिवेणी गांव के मूल निवासी मोहन खत्री ने आगरा की केके शर्मा क्रिकेट अकादमी में दाखिला लिया है। खत्री को पता चला कि उसके गांव के 12 लोग उस स्थान पर मौजूद थे, जहां त्रासदी हुई और घटना के बाद से सभी लापता हैं।
खत्री ने बताया कि लापता लोगों में उसके चार दोस्त राम (19), हरि (18), श्याम (19) और दिनेश (19) भी शामिल हैं। वह इन दोस्तों के साथ क्रिकेट खेला करता था।
खत्री ने कहा, ‘‘मेरे गांव के 12 लोग उस स्थान पर मौजूद थे, जहां त्रासदी हुई। वे सभी लापता हैं और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे साथ क्रिकेट खेलने वाले मेरे चार दोस्त भी वहां मौजूद थे और उनका कोई पता नहीं चला है। मैं अपने दोस्तों के लापता होने से बेहद दुखी हूं। मैं ठीक से क्रिकेट भी नहीं खेल पा रहा हूं, लेकिन मानसिक रूप से मजबूत रहने की कोशिश कर रहा हूं।’’
खत्री ने बताया कि वह लगातार अपने परिवार के संपर्क में है।
अकादमी के कोच केके शर्मा ने कहा कि खत्री के दोस्तों के लापता होने की जानकारी मिलने पर उन्हें गहरा दुख हुआ।
शर्मा ने कहा, ‘‘मोहन एक बेहतरीन खिलाड़ी है। उसकी मानसिक स्थिति को बेहतर बनाए रखने में मदद के लिए हमने उसे सभी प्रशिक्षण सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई हैं।’’
उन्होंने कहा कि अकादमी खत्री की देखभाल कर रही है और उसे सहयोग दे रही है, ताकि वह अवसाद में न जाए और क्रिकेट पर अपना ध्यान केंद्रित रख सके।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


