बहराइच में अवैध गोदाम से कोडीन युक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद, दवा कारोबारी गिरफ्तार

बहराइच में अवैध गोदाम से कोडीन युक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद, दवा कारोबारी गिरफ्तार

बहराइच में अवैध गोदाम से कोडीन युक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद, दवा कारोबारी गिरफ्तार
Modified Date: July 2, 2026 / 07:55 pm IST
Published Date: July 2, 2026 7:55 pm IST

बहराइच, दो जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक दवा कारोबारी के अवैध गोदाम पर छापेमारी कर कोडीन युक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद की हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिला औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार को औषधि विभाग, दरगाह शरीफ थाना और रूपईडीहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के परसौरा गांव में दवा कारोबारी अजय कुमार यादव के एक अवैध गोदाम पर छापेमारी की।

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान गोदाम से पेटियों में भरकर रखी गई कोडीन युक्त कफ सिरप की 8,000 से अधिक शीशियां बरामद हुईं।

कृष्ण के मुताबिक, बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 29 जून को औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रूपईडीहा बाजार में आयुर्वेदिक औषधि की एक दुकान पर छापा मारते हुए भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की नशीली अथवा नियंत्रित बिक्री वाली दवाएं बरामद की थीं। टीम ने इस मामले में दुकान के संचालक आदित्य कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया था।

श्रीवास्तव के अनुसार, मिश्रा ने पूछताछ में बताया कि बरामद नशीली एवं नियंत्रित औषधियों की आपूर्ति अजय कुमार यादव उर्फ पवन यादव नामक व्यक्ति करता है।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर की गई छानबीन के दौरान औषधि विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने अजय की ओर से दरगाह शरीफ क्षेत्र में संचालित मेडिकल एजेंसी पर पहुंचकर पूछताछ और निरीक्षण किया।

श्रीवास्तव के मुताबिक, जांच के दौरान एजेंसी से कुछ दूर स्थित अजय के मकान में बिना वैध लाइसेंस के संचालित एक गोदाम के बारे में पता चला, जिसकी तलाशी में 25 बोरियों में 63 पेटियों में रखी चार अलग-अलग ब्रांड की कोडीन युक्त कफ सिरप की कुल 8,140 शीशियां तथा अन्य नियंत्रित श्रेणी की दवाएं बरामद की गईं, जिनका बाजार मूल्य 20 लाख रुपये से अधिक आंका गया है।

श्रीवास्तव के अनुसार, अजय ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह 150 रुपये मूल्य की कोडीन युक्त सिरप 250 रुपये में बेचता है।

उन्होंने बताया कि अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), एनडीपीएस अधिनियम और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बहराइच (नगर) के पुलिस क्षेत्राधिकारी नारायण दत्त मिश्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप या अन्य दवाएं प्रतिबंधित तो नहीं हैं, लेकिन वे नियंत्रित दवाओं की श्रेणी में आती हैं, जिन्हें सिर्फ अनुमन्य निश्चित मात्रा में कोई लाइसेंस धारक व्यक्ति ही रख सकता है।

मिश्र ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अजय कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य प्रतिबंधित दवाओं के कारोबार में शामिल गिरोह में ‘बिचौलिये’ के रूप में सक्रिय था। उन्होंने कहा कि गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भाषा

सं जफर सलीम पारुल

पारुल


लेखक के बारे में