उत्तर प्रदेश में निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य तेल के खिलाफ अभियान में ‘चार लाख लीटर से अधिक तेल जब्त

उत्तर प्रदेश में निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य तेल के खिलाफ अभियान में ‘चार लाख लीटर से अधिक तेल जब्त

उत्तर प्रदेश में निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य तेल के खिलाफ अभियान में ‘चार लाख लीटर से अधिक तेल जब्त
Modified Date: February 28, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: February 28, 2026 10:13 pm IST

लखनऊ, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने संदिग्ध या निम्न गुणवत्ता वाले 4,16,494 लीटर खाद्य तेल को जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6.43 करोड़ रुपये है।

विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि एफएसडीए ने होली से पहले आम जनता को गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराने के लिए एक व्यापक और समन्वित निरीक्षण अभियान शुरू किया है।

उसने कहा, ‘‘कुल 58 अंतर-जिला टीम गठित की गईं और उन्हें फील्ड में तैनात किया गया। कुज 64 खाद्य तेल उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आठ इकाइयां बंद पाई गईं, जबकि 56 इकाइयां चालू पाई गईं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई।’

विभाग ने बताया कि परीक्षण के लिए खाद्य तेल के 206 नमूने एकत्र किए गए। विभाग ने संदिग्ध/घटिया गुणवत्ता का 4,16,494 लीटर खाद्य तेल जब्त किया। विभाग ने बताया कि जब्त किए गए तेल का अनुमानित मूल्य लगभग 6.43 करोड़ रुपये है।

विभाग ने बताया कि कमियां पाए जाने पर 37 उत्पादन इकाइयों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।

एफएसडीए की टीम ने 25 फरवरी को, कानपुर के पनकी रेलवे स्टेशन पर नौ क्विंटल दूषित खोया जब्त कर नष्ट किया था। ट्रेन से लाया गया यह खोया अत्यंत अस्वच्छ अवस्था में पाया गया। जब्त किए गए दूषित खोये को गोविंदनगर स्थित अपशिष्ट निपटान संयंत्र में नष्ट कर दिया गया।

बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 60 किलो खोया, 250 लीटर दूध, 60 किलो मसाले, 370 किलो कचरी-पापड़ और 90 किलो छेना नष्ट किया। दस नमूने जांच के लिए भेजे गए।

देवरिया जिले में 22 फरवरी को खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के दौरान एफएसडीए की टीम ने सरसों के तेल की एक उत्पादन इकाई पर छापा मारा। परिसर से 400 लीटर परिष्कृत सोयाबीन तेल सहित संदिग्ध मिलावट सामग्री जब्त की गई।

विभाग ने ‘एक्स’ पर कहा कि उत्पादन तुरंत रोक दिया गया।

उसने बताया कि लखनऊ और गाजियाबाद में, खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध चाय पत्ती गोदाम पर छापा मारा। गोदाम बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था।

विभाग ने ‘एक्स’ पर कहा कि लगभग 8.5 क्विंटल मिलावटी चाय पत्ती जब्त की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 23 फरवरी को गाजियाबाद जिले में पनीर की एक खेप जब्त करते हुए बड़ी कार्रवाई की। लगभग 1,200 किलो पनीर, जिसकी कीमत 3.84 लाख रुपये थी, मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जांच के लिए पनीर के तीन नमूने लिए गए हैं।

गाजियाबाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को देवेंद्रपुरी के दो व्यापारियों को नकली ब्रांड के घरेलू सामान बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यापारियों की पहचान सुमित और राकेश के रूप में हुई है, जो एक किराना स्टोर के मालिक हैं।

कंपनी के आधिकारिक प्रतिनिधि ललित कुमार ने कॉपीराइट अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान ब्रांड के नाम से नकली सामान मिला। टाटा नमक के 750 नकली पैकेट, हार्पिक की 480 बोतलें और मच्छर भगाने वाली ऑल आउट की दवा की 218 यूनिट बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि बरामद सामान को सील कर दिया गया है।

मोदी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भास्कर वर्मा ने कहा, ‘हम फिलहाल आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि ये नकली सामान कहां बनाए जा रहे हैं।’

भाषा सं आनन्द सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में