सपा का ‘गुंडाराज’ लोग भूले नहीं, 2027 में फिर बनेगी भाजपा की प्रचंड बहुमत सरकार : ब्रजेश पाठक
सपा का ‘गुंडाराज’ लोग भूले नहीं, 2027 में फिर बनेगी भाजपा की प्रचंड बहुमत सरकार : ब्रजेश पाठक
संभल (उप्र) 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘गुंडाराज’ को लोग अभी तक भूले नहीं हैं। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
बिजली व्यवस्था पर अखिलेश यादव के सवालों पर पलटवार करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा, “हम लगातार काम कर रहे हैं। अखिलेश जी से पूछिए कि सपा के शासनकाल में एक हफ्ता दिन में तो एक हफ्ता रात में बिजली आती थी।”
उन्होंने कहा, “2027 में प्रचंड बहुमत के साथ एकतरफा भाजपा की सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के गुंडाराज को अभी लोग भूले नहीं हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने जिस तरह नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को रोकने का काम किया, देश व प्रदेश की महिलाएं कभी भी सपा और कांग्रेस को माफ नहीं करेंगी।
उन्होंने दोहराया, “उत्तर प्रदेश में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।”
पत्रकारों से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने कहा, “सम्भल जनपद को विकास में नंबर वन पर लाना है। गरीब कल्याणकारी योजनाएं जन-जन तक पहुंचें, इस मामले में भी जनपद को अव्वल बनाना है। समीक्षा बैठक में जो भी जरूरतें सामने आई हैं, उन्हें जल्द पूरा करेंगे।”
उन्होंने बताया कि जनता की भावनाओं के अनुरूप आज ‘सिंदूर वाटिका’ का लोकार्पण किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर को याद दिलाने के लिए बनाई गई इस वाटिका में एक लड़ाकू विमान भी रखा गया है।
सोमवार को संभल दौरे पर पहुंचे पाठक ने असमोली प्रखंड में डॉ. भीमराव आंबेडकर ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया और ज्ञानार्जन कर रहे युवाओं से संवाद किया। पाठक ने असमोली ग्राम पंचायत में सरकारी विभागों की प्रदर्शनी देखी और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कृषि यंत्र, तिपहिया साइकिल और चेक वितरित किए।
इसके बाद उन्होंने संभल में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। संयुक्त जिला अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और वार्डों में जाकर उनका हालचाल जाना। अस्पताल की समस्याओं पर भी चर्चा की।
ब्रजेश पाठक ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। बाद में तहसील सभागार में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।
भाषा सं आनन्द प्रशांत
प्रशांत

Facebook


