संभल (उप्र), 10 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की मुरादाबाद इकाई और जिले की हयातनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने हयातनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके पास से 20 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र के पन्नीग्राम सरायतरीन निवासी शराफत हुसैन (50) के रूप में हुई है।
संभल के अवर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कुलदीप सिंह ने बताया कि एटीएस को जिले में नकली नोटों के प्रचलन की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एटीएस मुरादाबाद और हयातनगर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार शाम को छापा मारा और शराफत हुसैन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उसे शाम करीब 6:15 बजे कच्चा क्षेत्र से घुंघावली जाने वाली कच्ची सड़क पर आम के एक बागीचे के पास से पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उसके पास से 20,000 रुपये मूल्य की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की गई, जिसमें 500 रुपये के 35 नोट, 200 रुपये के छह नोट और 100 रुपये के 13 नोट शामिल थे।
गिरफ्तारी के बाद एटीएस के निरीक्षक ललित मोहन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हयातनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
भाषा
जफर शुभम रवि कांत