पुणे में ठेकेदार ने आत्महत्या की, पूर्व विधायक और उनकी पत्नी समेत 14 के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

पुणे में ठेकेदार ने आत्महत्या की, पूर्व विधायक और उनकी पत्नी समेत 14 के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 01:01 AM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 01:01 AM IST

पुणे, 16 जुलाई (भाषा) पुणे में बृहस्पतिवार को 65 वर्षीय एक ठेकेदार ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली जिसके बाद शिवसेना के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व विधायक रवींद्र धंगेकर, उनकी पत्नी और 12 अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार खलील शेख ने गुलटेकडी इलाके में स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा, ‘‘आत्महत्या करने से पहले शेख ने वीडियो रिकॉर्ड किए और एक पत्र लिखा जिसमें उन्होंने पूर्व विधायक का नाम लिया। उन्होंने शहर में अन्य कारोबारी परियोजनाओं में उनके साथ काम करने वाले कई अन्य लोगों के नामों का भी उल्लेख किया।’’

अधिकारी के अनुसार, शेख ने वीडियो और पत्र में कहा कि कारोबारी साझेदारों द्वारा धोखा दिए जाने के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था।

शेख ने यह भी दावा किया कि उनमें से कुछ लोगों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां दिए जाने के कारण वह तनाव में और परेशान थे।

अधिकारी ने बताया कि स्वारगेट थाने में धंगेकर समेत 14 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी और अन्य आरोपों को लेकर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष