ठाणे, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बृहस्पतिवार को एक निर्माणाधीन इमारत की 13वीं मंजिल से क्रेन गिर जाने के कारण 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना मीरा मार्ग (पूर्व) स्थित जे पी नॉर्थ आवासीय परिसर में हुई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान मुजम्मिल खोखर के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही क्रेन अचानक टूटकर सोसाइटी परिसर में जा गिरी, जिससे नीचे खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं।
अधिकारी ने बताया कि क्रेन गिरने के प्रभाव से वाहनों को व्यापक नुकसान पहुंचा और निवासियों के बीच भी अफरातफरी मच गई। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर तुरंत पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य चलाया।
उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि क्रेन किस वजह से गिरी, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा
प्रचेता सिम्मी
सिम्मी