लखनऊ/हरिद्वार, 16 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार के चौधरी चरण सिंह वीवीआईपी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ गंगा नदी में विसर्जित की गईं।
परिवार के कुछ सदस्य सुबह लखनऊ से हरिद्वार रवाना हुए। बदायूं से सपा सांसद आदित्य यादव की उपस्थिति में अस्थि विसर्जन की रस्म पूरी की गई। योग गुरु स्वामी रामदेव भी इस अनुष्ठान में शामिल हुए।
प्रतीक यादव के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘हरिद्वार में प्रतीक यादव का अस्थि विसर्जन संपन्न हो गया है। योग गुरु रामदेव, बदायूं के सांसद आदित्य यादव और फिरोजाबाद के सांसद अक्षय यादव, अमन बिष्ट (अपर्णा के भाई) सहित कई लोग इस अनुष्ठान में उपस्थित थे।’
उन्होंने बताया कि प्रतीक के निधन की सूचना मिलते ही जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि लखनऊ पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को लखनऊ में किया गया था। श्मशान घाट पर पुजारी महेंद्र शर्मा की देखरेख में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अरविंद सिंह बिष्ट ने चिता को मुखाग्नि दी थी।
बुधवार तड़के 38 वर्षीय प्रतीक का हृदय और फेफड़े से जुड़ी जटिलताओं, जिसमें पल्मोनरी एम्बोलिज्म भी शामिल है, के कारण निधन हो गया था। सिविल अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किया गया था।
श्मशान घाट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और प्रतीक की दोनों बेटियां प्रथमा व पद्मजा ने चिता पर लकड़ी रखी। अखिलेश के पुत्र अर्जुन भी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और राज्य मंत्री दिनेश सिंह ने पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रतीक की पत्नी (भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष) अपर्णा यादव भी दोनों बेटियों और स्वामी अवधेशानंद गिरि के साथ श्मशान घाट पहुंची थीं।
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र और अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे।
भाषा
अरुणव मनीष आनन्द
रवि कांत संतोष
संतोष
संतोष