उप्र: संभल में सरकारी स्कूल की दीवार पर कुरान की आयतों वाला पोस्टर लगाने पर विवाद, जांच के आदेश

उप्र: संभल में सरकारी स्कूल की दीवार पर कुरान की आयतों वाला पोस्टर लगाने पर विवाद, जांच के आदेश

उप्र: संभल में सरकारी स्कूल की दीवार पर कुरान की आयतों वाला पोस्टर लगाने पर विवाद, जांच के आदेश
Modified Date: February 6, 2026 / 09:25 pm IST
Published Date: February 6, 2026 9:25 pm IST

संभल, छह फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक सरकारी स्कूल की दीवारों पर कथित तौर पर कुरान की आयतों वाले पोस्टर लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विश्व हिंदू परिषद (वीहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्कूल परिसर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित स्कूल की प्रधानाचार्या एवं शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही शुरू कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला चंदौसी तहसील के कुरह फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के नगला पुरवा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने बताया कि स्कूल की दीवारों पर कथित तौर पर कुरान की आयतों वाले पोस्टर लगाए जाने और राष्ट्रीय नेताओं व अन्य हस्तियों की तस्वीरें हटाए जाने की सूचना मिलने के बाद विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता विद्यालय परिसर पहुंचे।

अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मां सरस्वती, भारत माता, सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर और अन्य प्रख्यात हस्तियों की तस्वीरें दीवारों से हटा दी गई हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि स्कूल का इस्तेमाल धार्मिक शिक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नगला पुरवा गांव में एक स्कूल की दीवारों पर कुरान की आयतें लिखे पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिली है।

उन्होंने कहा, “जांच शुरू कर दी गई है। स्कूल की प्रधानाचार्या पुष्पा रानी और शिक्षक मोहम्मद नाजिम के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।”

यह पूछे जाने पर कि क्या इस मामले में पुलिस कार्रवाई भी शुरू की जाएगी, शर्मा ने कहा कि विभाग अपने अधिकार क्षेत्र के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल


लेखक के बारे में