उन्नाव(उप्र), नौ जून (भाषा) उन्नाव जिले के बांगरमऊ कस्बे के घूरे टोला इलाके में निर्माणाधीन मंदिर में मौजूद एक संत की मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए हरदोई-उन्नाव मार्ग पर प्रदर्शन भी किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घूरे टोला निवासी मिलन दास (60) लंबे समय तक नगर के पश्चिमी छोर स्थित बोधेश्वर मंदिर में पूजा-पाठ करते रहे थे। करीब छह माह पहले उन्होंने अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर एक नए मंदिर का निर्माण शुरू कराया था और अधिकांश समय वहीं बिताते थे।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर मिलन दास निर्माणाधीन मंदिर परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उन्हें कई गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र ने बताया कि परिवार की किसी से कोई ज्ञात रंजिश नहीं थी। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की वजह क्या है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मृतक धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और मंदिर निर्माण कार्य की देखरेख के साथ नियमित पूजा-अर्चना करते थे।
कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि हमले में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष सिंह ने बताया कि घायल अवस्था में मिलन दास को सीएचसी लाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द
धीरज
धीरज