शाहजहांपुर : युवक की हत्या की साजिश में शामिल प्रेमिका का भाई गिरफ्तार
शाहजहांपुर : युवक की हत्या की साजिश में शामिल प्रेमिका का भाई गिरफ्तार
शाहजहांपुर, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक हिंदू युवक की हत्या से जुड़े मामले की जांच कर रही पुलिस ने दावा किया कि साजिश में मृतक की प्रेमिका का भाई भी शामिल था, जिसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी समीर अली ने बीते शुक्रवार कमलैनपुर गांव निवासी गौतम मौर्य की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फिर इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर कहा कि “मार दिया।”
इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी समीर और सह-आरोपी लियाकत तदीम तथा राजा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया था।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक का पड़ोसी गांव में रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था।
कुमार के मुताबिक, बाद में दोनों में अलगाव हो गया, जिसके बाद युवती का रिश्ता समीर से जुड़ गया, लेकिन पूर्व प्रेमी युवती को लगातार परेशान करता था और उसे ब्लैकमेल भी करने लगा था।
उन्होंने बताया कि युवती के भाई अश्वनी कुमार ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी बहन जब परेशान हो गई, तो उसने यह बात उसे और समीर को बताई।
कुमार के अनुसार, बाद में अश्वनी ने समीर के साथ मिलकर गौतम की हत्या की साजिश रची और इस पूरे मामले की जानकारी युवती को भी थी।
उन्होंने बताया कि कांट कस्बे में एहतियात के तौर पर पीएसी की दो कंपनियां और लगभग 120 पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनकी निगरानी पुलिस अधिकारियों के अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) शुभम वर्मा लगातार कर रहे हैं। मौके पर शांति बनी हुई है।
कांट में शुक्रवार को घटी इस घटना के अगले दिन सैकड़ों लोगों की भीड़ और मृतक के परिजन ने पलिया फर्रुखाबाद मार्ग आठ घंटे तक जाम कर दिया था। इस दौरान उत्तेजित भीड़ ने एक समुदाय विशेष की दुकानों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया था।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


