शाहजहांपुर: दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

Ads

शाहजहांपुर: दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 12:12 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 12:12 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र) पांच सितंबर (भाषा) शाहजहांपुर जिले में शनिवार सुबह दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक थाना तिलहर अंतर्गत एक घटना में मोटरसाइकिल से जा रहे दो युवकों की बस से टक्कर लगने से मौत हो गई जबकि दूसरी घटना में एक खराब गाड़ी को सही कर रहे उसके चालक को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया जिससे उसकी भी मौत हो गई है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शनिवार को बताया की कनेग गांव के रहने वाले सोमेश शुक्ला (24), मोहित अवस्थी (23) मोटरसाइकिल से मंदिर जा रहे थे और जब उनकी मोटरसाइकिल भेदपुर के पास पहुंची तभी, पीछे से आ रही एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां दोनों की मौत हो गई।

दीक्षित ने बताया कि दूसरी घटना में जयपुरिया स्कूल के पास एक गाड़ी खराब हो गई थी जिसका चालक सतीश (26) उसे ठीक कर रहा था तभी पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उसे कुचल दिया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं जफर नेत्रपाल शोभना

शोभना